व्यापारियों की सुरक्षा और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे कई संगठन; SIT की अन्य राज्यों में छापेमारी जारी, SP बोले- जल्द होगा खुलासा।
लोहरदगा। युवा व्यवसायी शुभम साहू की निर्मम हत्या और शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर शनिवार को लोहरदगा जिला पूरी तरह बंद रहा। जिले भर के प्रमुख बाजारों में दुकानें स्वतः स्फूर्त बंद रहीं, वहीं बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिचालन भी पूरी तरह ठप रहा। हालांकि रेल यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रांची-लोहरदगा पैसेंजर समेत सभी ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं।
व्यावसायिक क्षेत्रों में पसरा सन्नाटा शहर के मुख्य व्यापारिक केंद्रों—अपर बाजार, मेन रोड, पतराटोली, मिशन चौक, महावीर चौक, बरवाटोली और कचहरी रोड समेत सभी व्यावसायिक इलाकों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण बाजारों में भी बंद का व्यापक और गहरा असर देखने को मिला।

भय का माहौल, चैंबर ने जताई चिंता चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रितेश साहू ने कहा कि यह बंद किसी राजनीतिक एजेंडे के तहत नहीं, बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा और अपराध पर अंकुश लगाने की जायज मांग को लेकर आयोजित किया गया है। शुभम साहू की हत्या से पूरे व्यापारी वर्ग में भारी खौफ और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन समय रहते सतर्कता बरतता, तो इस दुखद घटना को रोका जा सकता था।
विभिन्न संगठनों और दलों का मिला समर्थन इस महाबंद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बस-ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, सेवा भारती, सामाजिक विचार मंच और सर्राफा व्यवसायी संघ सहित कई सामाजिक व व्यापारिक संगठनों का भरपूर समर्थन मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज समेत विभिन्न संगठन के प्रमुखों ने व्यापारियों की सुरक्षा पुख्ता करने और अपराधियों पर नकेल कसने की पुरजोर मांग की।
सर्राफा संघ की प्रमुख मांगें सर्राफा व्यवसायियों ने जिला प्रशासन से प्रमुख बाजारों में स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने और फल-फूल रहे अवैध नशा कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यवसायियों ने जल्द ही इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन (मागंपत्र) सौंपने का निर्णय लिया है।

सड़क जाम और पुलिस मुस्तैदी बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पावरगंज चौक पर कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया, जिसे बाद में समझा-बुझाकर हटा लिया गया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और प्रशासनिक अधिकारी दिनभर स्थिति पर नजर बनाए रहे।
SIT की छापेमारी, SP बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी इधर, शुभम साहू हत्याकांड और ज्वेलरी दुकान में लूट के प्रयास की जांच के लिए गठित SIT लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर अपराधियों को जेल भेजा जाएगा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि हत्याकांड में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और उग्र तथा व्यापक रूप दिया जाएगा।




















Total Users : 1212998
Total views : 3057893