Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

करोड़ों की चोरी का बड़ा खुलासा! कैशियर बनकर बेचता था चोरी के गहने

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

बिहार से गिरफ्तार हुआ जेवर कारोबारी, 65 लाख के सोने-हीरे के गहने बरामद

रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (SIT) ने बिहार के मुजफ्फरपुर से एक जेवर कारोबारी को गिरफ्तार कर चोरी के करीब 400 ग्राम सोने एवं हीरे के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक इस मामले में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात को बिहार के सीतामढ़ी जिले के योगियागढ़ा निवासी कुख्यात शातिर चोर इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। हालांकि गिरोह का सरगना इरफान अभी भी फरार है, लेकिन उसका कथित कैशियर और चोरी के जेवरात खपाने वाला कारोबारी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।

कैशियर बनकर बेचता था चोरी के गहने

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी समीर खान उर्फ कबीर खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इरफान चोरी के बाद जेवरात समीर खान तक पहुंचाता था और समीर उन्हें बाजार में खपाकर रकम इरफान तक पहुंचाता था। इसी कारण उसे गिरोह का “कैशियर” माना जा रहा है।

9 जुलाई की चोरी का ऐसे हुआ खुलासा

रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 9 जुलाई 2026 को अशोक नगर निवासी निशित केसरी एवं अखिलेश पांडेय के घर करोड़ों रुपये की चोरी हुई थी। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 172/2026 दर्ज कर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने पहले चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार, 17.36 लाख रुपये नकद तथा कुछ चोरी के आभूषण बरामद किए थे। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चोरी के गहनों के खरीदार समीर खान को गिरफ्तार किया।

ससुराल से बरामद हुए करोड़ों के जेवर

समीर खान की निशानदेही पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर के विजय स्टोर गली स्थित उसके ससुराल में छापेमारी की, जहां से करीब 400 ग्राम सोने तथा हीरे-मोती के आभूषण बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है।

पहले भी गिरफ्तार हो चुकी हैं गिरोह सरगना की पत्नी और साथी की पत्नी

इस मामले में पांच दिन पहले ही रांची पुलिस ने सीतामढ़ी के योगियागढ़ा गांव की पार्षद गुलशन परवीन और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया था। गुलशन परवीन शातिर चोर इरफान की पत्नी है, जबकि शकीला उसके सहयोगी अफरोज की पत्नी बताई जाती है।

पूछताछ में दोनों महिलाओं ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद इरफान ने जेवरात और नकदी उन्हें सुरक्षित रखने एवं खपाने के लिए सौंपे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से भी चोरी के कई आभूषण और नकदी बरामद की थी।

3D सैटेलाइट इमेज से चुनता था निशाना

जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना इरफान चोरी से पहले शहर के पॉश इलाकों की सैटेलाइट आधारित 3D इमेज के जरिए मकानों की पहचान करता था। घर की बनावट, प्रवेश और निकास मार्ग का अध्ययन करने के बाद ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था।

अशोक नगर स्थित बिल्डर के घर में चोरी की योजना भी इसी तकनीक की मदद से बनाई गई थी।

80 लाख की लग्जरी कार से देता था वारदात को अंजाम, 13 राज्यों की पुलिस को है तलाश

सिटी एसपी ने बताया कि इरफान उर्फ बाबा चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए लगभग 80 लाख रुपये कीमत की लग्जरी कार का इस्तेमाल करता था। पुलिस पहले ही उस वाहन को जब्त कर चुकी है। इरफान उर्फ उजाले देश के सबसे सक्रिय शातिर चोरों में शामिल माना जाता है। उसके खिलाफ देशभर में 80 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। रांची के अलावा दिल्ली, छत्तीसगढ़, पंजाब (जालंधर), हैदराबाद, पुणे, केरल, आगरा, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु और सूरत समेत कई राज्यों में उसके खिलाफ चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।

वह कई बार जेल भी जा चुका है। वर्ष 2021 में गाजियाबाद, 2023 में पुणे और जालंधर, तथा 2024 में केरल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

जांच जारी, सरगना की तलाश तेज

रांची पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। चोरी के पूरे नेटवर्क, जेवरात खरीदने-बेचने वाले अन्य लोगों तथा फरार सरगना इरफान और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment