डालसा सचिव ने किया विधिक सहायता केंद्र का निरीक्षण, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का दिया निर्देश
झालसा, रांची एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा श्री राजकमल मिश्रा के आदेशानुसार डालसा सचिव श्री मनोरंजन कुमार ने 27 जुलाई 2026 को जिले में स्थापित विभिन्न विधिक सहायता केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध विधिक सेवाओं, अभिलेखों, लाभुकों को दी जा रही कानूनी सहायता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विभागीय कार्यालयों में अपने कार्य से पहुंचे लोगों से केंद्र द्वारा दिए जाने वाले जानकारी और किए जाने वाले सहयोग के बारे में जाना। वहीं उन्होंने केंद्र में उपस्थित पीएलवी को निर्देश दिया कि नालसा नई दिल्ली एवं झालसा, रांची की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंच सके। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना डालसा की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विधिक जागरूकता शिविरों, स्कूलों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को विधिक सेवाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही केंद्र के कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।




















Total Users : 1098009
Total views : 2908904