विधायक ने किया निरीक्षण, डीएमएफटी मद से ₹24.91 लाख की लागत से पूरा होगा निर्माण कार्य
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित फुटबॉल मैदान में निर्माणाधीन चारदीवारी का कार्य पिछले कुछ दिनों से अधूरा पड़ा हुआ है। इसे शीघ्र पूरा कराने को लेकर शनिवार को सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुमार उज्जवल दास ने फुटबॉल मैदान पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि उनकी अनुशंसा पर डीएमएफटी (जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास) मद से फुटबॉल मैदान की अधूरी चारदीवारी का निर्माण कार्य 24 लाख 91 हजार 400 रुपये की लागत से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैदान का समुचित विकास उनकी प्राथमिकता है, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
विधायक ने चारदीवारी निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की तथा फुटबॉल मैदान के समग्र विकास को लेकर कई अन्य योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, भाजपा कार्यकर्ता कपिल कुमार, मनोज कुमार कुशवाहा, सुनील कुमार राणा, राजेश कुमार दांगी, मुकेश दांगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






















Total Users : 1094720
Total views : 2904244