सीसीएल आम्रपाली प्रबंधन व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कोयला चोरी के एंगल से जांच तेज
टंडवा (चतरा)। सीसीएल की आम्रपाली कोल परियोजना प्रबंधन और टंडवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में कोयला लदे दो हाइवा जब्त कर लिए। दोनों वाहनों को सराढू–उड़सू सड़क के समीप जांच के दौरान रोका गया। प्रारंभिक जांच में वाहनों के संदिग्ध मार्ग से कोयला लेकर निकलने की आशंका के आधार पर उन्हें कब्जे में लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब्त वाहनों का पंजीकरण संख्या JH 02 BY 5861 एवं JH 02 BT 5175 है। सीसीएल के सुरक्षा अधिकारी मो. एनुल ने इस संबंध में टंडवा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोनों वाहनों के विरुद्ध कोयला चोरी का मामला दर्ज करने का अनुरोध किया है।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार आम्रपाली परियोजना में कोयला उत्खनन एवं परिवहन से जुड़ी एक निजी कंपनी की भूमिका भी संदेह के दायरे में है। बताया जा रहा है कि परियोजना में कई पेटी कॉन्ट्रैक्टरों के माध्यम से कोयले की ढुलाई की जा रही है, जिस पर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि परिवहन व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता या कोयला चोरी का नेटवर्क सक्रिय है, तो उससे जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस और सीसीएल प्रबंधन संयुक्त रूप से मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा होने की संभावना है।






















Total Users : 1094737
Total views : 2904262