*उपायुक्त ने की आईटीडीए योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश*
================

*लोहरदगा।*
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने संविधान की धारा 275(1) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए पेशरार प्रखंड के पुंदाग-हुसरू पथ में पुंदाग नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल की प्रगति पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग, लोहरदगा के अभियंता को संबंधित संवेदक के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पेशरार प्रखंड के कुराग, कुडू प्रखंड के कुडू तथा सेन्हा प्रखंड के अलौदी पंचायत में निर्माणाधीन बहुद्देश्यीय केंद्र (एमपीसी) की धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने पीडी, आईटीडीए को भौतिक जांच हेतु टीम गठित करने का निर्देश दिया।

कार्यकारी एजेंसी जिला अभियंता, जिला परिषद द्वारा सदर प्रखंड स्थित मदरसा दिनिया रसिदिया छात्रावास के नवीकरण एवं मरम्मति कार्य को जुलाई माह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला कल्याण पदाधिकारी को इसकी भौतिक जांच करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विद्यालय जीर्णोद्धार से संबंधित पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में एनआरईपी द्वारा क्रियान्वित अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय, पेशरार में मरम्मति एवं नए छात्रावास निर्माण तथा अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय, तुईमूपाट में नए विद्यालय भवन, शौचालय निर्माण एवं भवन मरम्मति कार्य को आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिए जाने की जानकारी कार्यपालक अभियंता द्वारा दी गई।
*ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति गठित करने एवं बैंक खाता खोलने का निर्देश*
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) अंतर्गत किस्को प्रखंड के अरेया ग्राम में संचालित मल्टी विलेज स्कीम के प्रभावी संचालन के लिए लाभुकों की ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति गठित करने तथा समिति का बैंक खाता खुलवाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी, लोहरदगा को दिया गया।
उपायुक्त ने लाभुकों से नियमित रूप से उपयोग शुल्क संग्रहित करने तथा संग्रहित राशि को समिति के बैंक खाते में ही जमा करने का निर्देश दिया। साथ ही योजना की जांच कर फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का भी निर्देश दिया गया।
*पीएमजेवीके योजनाओं में कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश*
उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन समितियों द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) अंतर्गत स्वीकृत सभी योजनाओं में शीघ्र कार्य प्रारंभ कर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
अल्पसंख्यक कब्रिस्तान, सरना-मसना स्थल एवं धुमकुड़िया हाउस योजनाओं की समीक्षा
बैठक में अल्पसंख्यक कब्रिस्तान घेराबंदी निर्माण योजना, सरना-मसना स्थल घेराबंदी निर्माण योजना एवं धुमकुड़िया हाउस निर्माण योजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अल्पसंख्यक कब्रिस्तान घेराबंदी योजना अंतर्गत भंडरा प्रखंड के मसमानो, सोरांदा, भीठा, निंगनी, लापुर एवं सुकरहुटु में चल रहे निर्माण कार्यों को जुलाई माह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
_बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।_























Total Users : 1072188
Total views : 2872000