नवनिर्मित मंदिर में पहली बार होगा आयोजन, भव्य मेले की तैयारी तेज
देवघर। मोहनपुर प्रखंड की मलहारा पंचायत अंतर्गत ठाढ़ी गांव स्थित प्रसिद्ध दुबे बाबा मंदिर में वार्षिक पूजा का आयोजन 20 जुलाई को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें देवघर, मोहनपुर तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सुनील खवाड़े ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। भीड़ प्रबंधन, दर्शन-पूजन की सुचारु व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेले के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए मोहनपुर और रिखिया थाना से अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मेले में कीमती आभूषण पहनकर न आएं तथा समिति और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
डॉ. खवाड़े ने जानकारी दी कि दुबे बाबा मंदिर का नवनिर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इस वर्ष पहली बार वार्षिक पूजा नए मंदिर परिसर में आयोजित की जाएगी। मंदिर को अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक स्वरूप देने के उद्देश्य से निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
समिति के सचिव सुशील महथा, सदस्य अशोक यादव सहित ठाढ़ी गांव के ग्रामीण पूजा की तैयारियों एवं मंदिर निर्माण कार्य में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। पूजा समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से वार्षिक पूजा एवं मेले में शामिल होकर दुबे बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।





















Total Users : 1072176
Total views : 2871983