अनागत प्रश्नों के समयबद्ध निष्पादन पर विधानसभा समिति ने दिया जोर
चतरा। चतरा आगमन पर झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान तथा समिति के सदस्य नरेश प्रसाद सिंह एवं राम सूर्या मुण्डा का अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने परिसदन (सर्किट हाउस) में पौधा भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद परिसदन सभागार में समिति अध्यक्ष की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधानसभा से प्राप्त अनागत प्रश्नों के विभागवार निष्पादन की अद्यतन स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा की गई। समिति अध्यक्ष सुरेश पासवान ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा से प्राप्त सभी अनागत प्रश्नों का समयबद्ध, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्तर निर्धारित अवधि के भीतर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।
समीक्षा के दौरान विशेष प्रमंडल, स्वास्थ्य, कृषि, पथ निर्माण, जल संसाधन, विद्युत, कल्याण, पर्यटन, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले, नगर परिषद तथा खनन विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अनागत प्रश्नों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की अद्यतन स्थिति, लंबित मामलों तथा उनके निष्पादन की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। समिति ने निर्देश दिया कि विधानसभा से प्राप्त सभी अनागत प्रश्नों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
बैठक में समिति सदस्य नरेश प्रसाद सिंह एवं राम सूर्या मुण्डा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार, उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो, जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीतू सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






















Total Users : 1064756
Total views : 2861858