अधूरे दस्तावेज मिलने पर अंतिम अवसर, दोबारा नोटिस जारी करने का निर्देश
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड प्रशासनिक-सह-अनुशासनिक प्राधिकार (शिक्षा) की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्रखंड प्रमुख रोहन साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बानासाड़ी के शिक्षक मनोरंजन महाजन तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय कदले के शिक्षक मोहम्मद गुफरान की विद्यालय से अनुपस्थिति अवधि की सेवा नियमित करने के मामले पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान दोनों शिक्षकों ने अपनी अनुपस्थिति से संबंधित दस्तावेज प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत किए। दस्तावेजों की जांच के बाद प्राधिकार ने उन्हें अधूरा पाया। इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के तहत दोनों शिक्षकों को एक अंतिम अवसर दिया जाए।
प्राधिकार ने निर्देश दिया कि दोनों शिक्षकों को पुनः नोटिस जारी कर अपनी अनुपस्थिति का स्पष्ट एवं ठोस कारण प्रस्तुत करने को कहा जाए। शिक्षकों को कानूनी कार्रवाई, स्वास्थ्य संबंधी कारण अथवा उच्च शिक्षा ग्रहण करने से संबंधित वैध एवं पूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आवश्यक अभिलेख प्राप्त होने के बाद अगली बैठक में मामले पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी अंबुजा राजलक्ष्मी, बाल विकास परियोजना की महिला पर्यवेक्षिका सीमा कुमारी, पुंडरा पंचायत समिति सदस्य अर्पणा कुमारी सहित प्राधिकार के अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।























Total Users : 1064758
Total views : 2861860