लोहरदगा: खपरैल घर की मरम्मत के दौरान सीढ़ी से गिरे अधेड़, मौत; कुजरा बरवटोली में मातम
लोहरदगा:
लोहरदगा जिला अंतर्गत ग्राम कुजरा बरवटोली में आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। अपने ही घर की मरम्मत करने के दौरान सीढ़ी से पैर फिसलने के कारण एक 45 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र और गांव में शोक की लहर है।
खपड़ा चढ़ाने के दौरान फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुजरा बरवटोली निवासी बाबू लाल भगत (45 वर्ष), पिता स्व. बन्दे भगत, दोपहर लगभग 3 बजे अपने खपरैल मकान की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान छत पर खपड़ा (सामग्री) ऊपर-नीचे चढ़ाने के क्रम में अचानक सीढ़ी से उनका पैर फिसल गया। सीढ़ी से अनियंत्रित होकर नीचे गिरने के कारण उन्हें अत्यंत गंभीर चोटें आईं।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए आनन-फानन में घायल बाबू लाल भगत को लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने सघन जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बाबू लाल भगत की अचानक हुई मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर गहरा शोक है। हादसे की खबर मिलते ही सदर अस्पताल और मृतक के घर पर ढाढस बंधाने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।



















Total Users : 1060910
Total views : 2856636