एसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी, एफएसएल जांच के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई; हत्या में प्रयुक्त ईंट और बांस का डंडा बरामद
रामगढ़। रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत बलसगरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गिरिडीह में पदस्थापित सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की मौत हो गई। मृतक रबोध गांव (थाना मांडू) के निवासी थे। मामले की जानकारी रामगढ़ पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता के दौरान दी।
पुलिस के अनुसार, 30 जून की सुबह करीब 8:40 बजे सूचना मिली कि बलसगरा गांव में पूर्व से चल रहे जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष के लोगों द्वारा बालेश्वर पटेल के साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बालेश्वर पटेल को उपचार के लिए होप हॉस्पिटल, रामगढ़ भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन के आधार पर मांडू थाना कांड संख्या 151/2026 दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान एफएसएल रांची की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी, स्थानीय पूछताछ एवं वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम, रामू साव उर्फ ज्ञानी, शकुन्तला देवी, रूबी कुमारी (सभी हुवाग, मांडू), विनय कुमार (चतरा), पूजा कुमारी (मानगो, जमशेदपुर) तथा लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी (धनबाद) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सना ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा भी बरामद किया है। इस कार्रवाई में मांडू थाना, वेस्ट बोकारो थाना, कुज्जू ओपी सहित विभिन्न पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।





















Total Users : 1047767
Total views : 2838087