प्रभात फेरी निकाल छात्राओं को दिया गया नशामुक्त समाज का संदेश
गिद्धौर (चतरा)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, गिद्धौर में लीगल लिटरेसी क्लास के तहत नशा उन्मूलन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता अभियान का संचालन अधिकार मित्र पवन कुमार, सुरेश प्रसाद राणा, जितेंद्र राम एवं कुमारी शारदा भारती ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। नशे की लत व्यक्ति को धीरे-धीरे विनाश की ओर ले जाती है, इसलिए इससे दूर रहना अत्यंत आवश्यक है।
छात्राओं को प्रेरित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नशे को कहो ना, उज्ज्वल भविष्य को कहो हां” जैसे संदेश केवल नारे नहीं, बल्कि एक बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प हैं। उन्होंने कहा कि “युवा बचाओ, देश बचाओ — नशा मुक्त समाज बनाओ” का संदेश आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक है, क्योंकि राष्ट्र का भविष्य युवाओं के हाथों में है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।























Total Users : 1036751
Total views : 2822686