WhatsApp Group Join Now

गुमला – प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शिव दर्शन भवन, गुमला में संस्थान की प्रथम मुख्य प्रशासिका एवं यज्ञ मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती (मम्मा) जी की 61वीं पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं आध्यात्मिक भावनाओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित भाई-बहनों एवं गणमान्य नागरिकों ने मातेश्वरी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। उपस्थित जनसमूह ने मातेश्वरी जी के त्याग, तपस्या, आध्यात्मिक शक्ति और ईश्वरीय सेवा को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजयोगिनी शांति दीदी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी ने अपने जीवन में परमात्म प्रेम, आत्मिक शुद्धता, सादगी और सेवा का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि मम्मा जी का जीवन हमें श्रेष्ठ संस्कारों, सकारात्मक चिंतन तथा आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
शांति दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में राजयोग के अभ्यास द्वारा मन की शांति, आत्मबल एवं जीवन में संतुलन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी को अपने जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संजय अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, सहदेव महतो समेत सैकड़ों की संख्या में भाई-बहन एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मातेश्वरी जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए पुष्प अर्पित किए तथा उनके बताए हुए आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन शांति संदेश, योग-साधना एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।



















Total Users : 1036679
Total views : 2822585