रिश्तेदार के घर समारोह में शामिल होने जा रहे थे विनोद; कटकमसांडी के समीप अनियंत्रित होकर पलटा कमांडर वाहन, गांव में पसरा सन्नाटा
📍 गिद्धौर (चतरा) | न्यूज़ स्केल लाइव
चतरा जिले के गिद्धौर/चतरा प्रखंड क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने जा रहे विनोद भुइयां (45 वर्ष) की सड़क हादसे में जान चली गई। यह भीषण हादसा पड़ोसी जिले हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में घटित हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।
सफर के दौरान ‘काल’ बनकर पलटा वाहन जानकारी के अनुसार, चतरा प्रखंड क्षेत्र निवासी विनोद भुइयां (पिता- कन्हैया भुइयां) अपने किसी करीबी रिश्तेदार के घर आयोजित विवाह उत्सव में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। वे एक कमांडर सवारी वाहन पर सवार होकर सफर कर रहे थे। इसी दौरान कटकमसांडी थाना क्षेत्र के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर ही पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि विनोद भुइयां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों में कोहराम, शादी वाले घर में मची चीख-पुकार जैसे ही विनोद भुइयां की आकस्मिक मौत की खबर उनके पैतृक गांव पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस परिवार में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल था, वहां मातम छा गया है। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मृतक के घर पर जुटने लगी। ग्रामीणों ने इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। विनोद भुइयां अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।





















Total Users : 1008179
Total views : 2783585