भंडरा/लोहरदगा: भंडरा में वन विभाग की टीम ने लकड़ी माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने शुक्रवार दोपहर को अवैध करम लकड़ी के छह मोटे बोटों से लदे एक ट्रैक्टर जेएच 01 बीडी 3405 को जप्त किया है। जप्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है। प्रधान वनरक्षी मुकेश चंद्र प्रजापति ने बताया कि विभाग को पिछले कई दिनों से ग्रामीणों के माध्यम से क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं की सक्रियता की सूचना मिल रही थी। वन विभाग की टीम लगातार इन पर कार्रवाई के लिए जाल बिछा रही थी। अथक प्रयासों के बाद शुक्रवार को टीम ने बिटपी-तिलसिरी रोड से भरनो-सिसई रोड की ओर जा रहे अवैध लकड़ी लदे ट्रैक्टर को धर दबोचा है। मुकेश चंद्र प्रजापति ने इस सफलता का श्रेय स्थानीय ग्रामीणों को देते हुए कहा कि जनता के सहयोग और सटीक सूचना के कारण ही वन विभाग इस अवैध खेप को पकड़ने में कामयाब रहा। सूत्रों के अनुसार, यह अवैध लकड़ी सिसई स्थित किसी टिम्बर डिपो में अनलोड की जानी थी, जहां इसे खपाने की पूरी तैयारी थी।
छापेमारी टीम में मुख्य रूप से प्रधान वनरक्षी मुकेश चंद्र प्रजापति, सूरज सिंह यादव, वाचर प्रदीप, संजय, विजय एवं अन्य वन कर्मी शामिल रहे ।
वन विभाग अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध व्यापार के पीछे मुख्य सरगना कौन है। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से टीम जब्त लकड़ी को बक्शीडीपा स्थायी पौधशाला में रखी है।






















Total Users : 1008169
Total views : 2783572