खैराचातर गांव की छोटी ने 500 में 478 अंक लाकर पूरे झारखंड में किया टॉप; गरीबी और अभाव को मात देकर IAS बनने का है सपना
बोकारो, News Scale Live: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के इंटरमीडिएट (12वीं) के नतीजों ने बोकारो जिले को एक बार फिर गौरवान्वित कर दिया है। जिले के कसमार प्रखंड अंतर्गत आने वाले खैराचातर गांव की एक होनहार बेटी ‘छोटी कुमारी’ ने कला संकाय (Arts) में राज्य स्तर पर टॉप कर इतिहास रच दिया है। छोटी ने 500 में से 478 अंक हासिल कर ‘स्टेट टॉपर’ का शानदार मुकाम हासिल किया है। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद उनके गांव से लेकर पूरे कसमार क्षेत्र में खुशी और जश्न का माहौल है। दिहाड़ी मजदूर पिता का सीना किया चौड़ा छोटी कुमारी खैराचातर निवासी भवानी शंकर नायक और माला देवी की सुपुत्री हैं। वह पीएमश्री क्षेत्रनाथ प्लस टू उच्च विद्यालय, हरनाद की छात्रा हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि छोटी के पिता एक साधारण दिहाड़ी मजदूर हैं। आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी और आज बेटी ने भी अपनी मेहनत से पिता का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।
Also Read: आकांक्षा ने रचा इतिहासः इंटर साइंस में बनीं स्टेट थर्ड टॉपर, जिला में किया टॉप
पैसे नहीं थे इसलिए साइंस छोड़ आर्ट्स लिया, और कर दिया टॉप! शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहने वाली छोटी ने मैट्रिक में भी 88.20% अंक हासिल किए थे। वह आगे साइंस (विज्ञान) लेकर पढ़ाई करना चाहती थी, लेकिन घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे मजबूरी में आर्ट्स (कला) संकाय चुनना पड़ा। हालांकि, छोटी को इसका मलाल जरूर था, लेकिन उसने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी और आर्ट्स में ही अपनी मेधा का ऐसा परचम लहराया कि पूरे राज्य में नंबर-1 बन गई। IAS बनकर करना चाहती हैं देश की सेवा अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों (विशेषकर इतिहास शिक्षक इरशाद अख्तर) और नियमित पढ़ाई को देते हुए छोटी ने कहा कि वह रोज 4 से 5 घंटे लगातार पढ़ाई करती थी। कई बार बिजली कटने से दिक्कत होती थी, लेकिन उसने हार नहीं मानी। छोटी का सपना अब UPSC की तैयारी कर एक IAS अधिकारी बनने और देश की सेवा करने का है।
DC ने वीडियो कॉल पर दी बधाई, DEO मिठाई लेकर पहुंचे घर बुधवार शाम को रिजल्ट घोषित होते ही बोकारो के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) जगरनाथ लोहरा खुद मिठाई और बुके लेकर छोटी के घर पहुंचे और उसे सम्मानित किया। वहीं, बोकारो के उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा ने वीडियो कॉल के माध्यम से छोटी से बात कर उसे बधाई दी। डीसी ने कहा कि छोटी ने पूरे बोकारो का नाम रोशन किया है और प्रशासन उसकी आगे की पढ़ाई में हरसंभव मदद करेगा। इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों, शिक्षकों और राजनेताओं (मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो आदि) ने भी छोटी को ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
Also Read: खूनी सड़क का कहर: तेज रफ्तार कोल वाहन ने स्कूटी सवार 2 लोगों को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत!






















Total Users : 947705
Total views : 2702892