चतरा। लावालौंग थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और नदियों के दोहन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार शाम इसी मुद्दे पर कल्याणपुर चौक पर ग्रामीणों और ट्रैक्टर संचालकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। जानकारी के अनुसार, अमानत नदी से अवैध रूप से बालू उठाकर हेडुम और कल्याणपुर होते हुए चतरा ले जाया जा रहा था। इससे नाराज ग्रामीणों ने चौक पर ट्रैक्टरों को रोककर विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ही देर में बालू माफिया और ट्रैक्टर मालिक मौके पर पहुंच गए और धमकी भरे अंदाज में ट्रैक्टरों को वहां से लेकर चले गए। ग्रामीणों ने बताया कि रात में एक-दो बजे तक सैकड़ों ट्रैक्टरों से बालू का उठाव किया जाता है और उसे बाहर भेजकर मोटी कमाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे इस अवैध खनन से गांव की सड़कें खराब हो चुकी हैं और आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, नदी और पहाड़ जैसे प्राकृतिक संसाधन स्थानीय लोगों के उपयोग के लिए हैं, न कि उनकी तस्करी कर बाहरी बाजारों में बेचने के लिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर अवैध बालू खनन पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
अवैध बालू खनन को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ट्रैक्टरों को रोककर किया विरोध, बढ़ा तनाव

On: April 8, 2026 12:32 AM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

















Total Users : 910957
Total views : 2652387