रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां, अतिथियों ने की सराहना
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान द विजन पब्लिक स्कूल, पिपराही का 23वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का बुके एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बना चुका है और बच्चों को ज्ञान, विज्ञान के साथ संस्कार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत “छोटा बच्चा जान के” गीत और नन्हीं बालिकाओं की प्रस्तुति “अगले जनम मोहे बिटिया न कीजो” विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अन्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बांकिरा ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान पिछले 23 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षक बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पूरे समारोह में उत्साह, प्रतिभा और शिक्षा के प्रति समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख प्रिया कुमारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्या सरिता देवी, धुना पंचायत मुखिया सोनी कुमारी, मुखिया संघ अध्यक्ष रंजय भारती, नवादा मुखिया विकास सिंह, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवकुमार सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधि भरत साव, मुखिया प्रतिनिधि रामाशंकर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






















Total Users : 878624
Total views : 2606708