शांति व भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सिमरिया (चतरा)। रामनवमी महापर्व को हर्षाेल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को सिमरिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न रामनवमी पूजा समितियों के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ ने कहा कि रामनवमी आस्था का प्रतीक पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जुलूस के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद, अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय एवं थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने पूजा समितियों से निर्धारित मार्ग एवं समय सीमा का पालन करने की अपील की। रामनवमी पूजा महासमिति के अध्यक्ष बिनोद बिहारी पासवान ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि समिति हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित जुलूस का आयोजन करेगी। बैठक में जिला परिषद सदस्य देवनंदन साहू, रोहनी देवी सहित विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






















Total Users : 864679
Total views : 2587138