गुमला। गुमला जिले को सड़क सुरक्षा माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर जिले में पूरे माह वृहद स्तर पर संचालित सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत किए गए प्रभावी और सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की गई। सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। सुरक्षित वाहन चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, नशे में वाहन न चलाने सहित अन्य महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। यह अभियान व्यापक स्तर पर संचालित हुआ, जिसका सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के कर-कमलों से गुमला जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी गुमला वीरेंद्र टोप्पो सहित सड़क सुरक्षा से जुड़ी पूरी टीम को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर किए गए समन्वित एवं सतत प्रयास प्रशंसनीय हैं और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता व समर्पण के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएं। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी जागरूकता अभियान एवं सख्त प्रवर्तन की कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी, ताकि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



















Total Users : 793962
Total views : 2490574