Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की घोषणा, 23 फरवरी को होगा मतदान

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

गुमला। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की घोषणा एवं निर्वाचन से संबंधित आवश्यक जानकारियों के प्रसारण हेतु विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में निर्वाचन कार्यक्रम, आरक्षण व्यवस्था, मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया तथा निर्वाचन व्यय अनुश्रवण सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई।

बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड, रांची द्वारा पत्रांक संख्या 187, दिनांक 27.01.2026 के माध्यम से नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत गुमला नगर परिषद (वर्ग ‘ख’) में आम निर्वाचन कराया जाएगा। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को, नाम वापसी 6 फरवरी को तथा निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। मतदान 23 फरवरी 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी।

नगरपालिका निर्वाचन के अंतर्गत नगर परिषद अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का निर्वाचन प्रत्यक्ष एवं गैर-दलीय आधार पर होगा, जबकि उपाध्यक्ष का निर्वाचन अप्रत्यक्ष रूप से संपन्न कराया जाएगा। उपाध्यक्ष का पद अनारक्षित रहेगा। नगर परिषद अध्यक्ष का एक पद अनुसूचित जनजाति (महिला) के लिए आरक्षित किया गया है। गुमला नगर परिषद क्षेत्र में कुल 22 वार्ड हैं, जिनमें आयोगीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप आरक्षण लागू किया गया है।

प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि नगरपालिका निर्वाचन हेतु मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन के लिए अर्हता तिथि 01.07.2024 के आधार पर 27.08.2024 को अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची से वार्डवार तैयार की गई है। इसके अनुसार गुमला नगर परिषद क्षेत्र में कुल 39,290 मतदाता हैं, जिनमें 18,525 पुरुष एवं 20,765 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के दिन मतदाताओं की पहचान आयोग द्वारा निर्धारित पहचान पत्र अथवा आयोग द्वारा स्वीकृत 12 वैकल्पिक दस्तावेजों से की जाएगी।

निर्वाचन कार्य के लिए नगर परिषद क्षेत्र में कुल 44 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जबकि वार्ड संख्या 10 में 2 चलंत मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्वाचन मतपत्र एवं मतपेटिका के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा, जिसके लिए कुल 112 मतपेटिकाओं की व्यवस्था की गई है।

निर्वाचन व्यय अनुश्रवण के संबंध में बताया गया कि अध्यक्ष पद के अभ्यर्थी के लिए अधिकतम 6 लाख रुपये तथा वार्ड पार्षद पद के अभ्यर्थी के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की व्यय सीमा निर्धारित की गई है।

प्रेस वार्ता के समापन पर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों, राजनीतिक प्रतिनिधियों एवं आम मतदाताओं से राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा 27 जनवरी से लागू आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की, ताकि नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment