चतरा/रांची। चतरा जिले के तत्कालीन अभियान पुलिस कप्तान तथा वर्तमान में सीआरपीएफ सेकेंड-इन-कमांडेंट निगम प्रसाद को उनकी अदम्य वीरता, साहसिक नेतृत्व और राष्ट्र सुरक्षा में असाधारण योगदान के लिए देश के प्रतिष्ठित पुलिस गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 11 जून 2022 को पुलवामा में हुए एक बड़े ऑपरेशन के दौरान श्री प्रसाद ने बिना किसी नुकसान के तीन दुर्दांत आतंकवादियों को ढेर करने में अहम भूमिका निभाई थी। इस साहसिक कार्रवाई ने उनकी रणनीतिक क्षमता और नेतृत्व कौशल को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया।
चतरा और हजारीबाग में अभियान पुलिस कप्तान के रूप में कार्यकाल के दौरान निगम प्रसाद ने नक्सलियों के गढ़ में प्रवेश कर कई सफल अभियानों का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में नक्सल नेटवर्क को भारी क्षति पहुंची और क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई। साथ ही, आत्मसमर्पण नीति को प्रभावी ढंग से लागू कर कई भटके युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे अनेक परिवारों को नया जीवन मिला।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे झारखंड—विशेषकर चतरा, हजारीबाग और उनके गृह जिला बोकारो—में हर्ष और गर्व का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और सुरक्षाबलों ने निगम प्रसाद को बधाई देते हुए इसे जिले और राज्य के लिए ऐतिहासिक सम्मान बताया। यह सम्मान न केवल उनकी वीरता का प्रतीक है, बल्कि देश की सेवा में समर्पित सुरक्षाबलों के अद्वितीय साहस और बलिदान को भी रेखांकित करता है।





















Total Users : 1142158
Total views : 2968972