लोहरदगा। मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लोहरदगा में 12वीं विज्ञान एवं कला संकाय के छात्र-छात्राओं के सम्मान में स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, ओम एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुई। मंच संचालन 11वीं विज्ञान के हर्ष कुमार सिंह एवं विजय कुमार साहू ने किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य विपिन कुमार दास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंतिम समय में भी यदि पूरी निष्ठा और परिश्रम से प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में बहन रीतू कुमारी एवं साथियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं 11वीं कला एवं विज्ञान की बहनों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। 11वीं कला की बहन शुभांगी गोराई ने 12वीं के भैया-बहनों के साथ बिताए गए पलों को साझा किया, जबकि 12वीं विज्ञान की बहन रितिका साहू ने महाविद्यालय में बिताए अपने दो वर्षों के अनुभव सुनाए।
अतिथि के रूप में उपस्थित अनंत देवघरिया ने कहा कि महाविद्यालय के ये क्षण जीवन में दोबारा नहीं आते। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि यदि किसी प्रकार की भूल हुई हो तो शिक्षकों से क्षमा मांगकर उनका आशीर्वाद लें और नए भविष्य की सकारात्मक शुरुआत करें। 11वीं की बहनों द्वारा भावपूर्ण विदाई गीत भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ बहन का पुरस्कार रूपरानी कुमारी, सर्वश्रेष्ठ भैया का पुरस्कार उज्ज्वल देवघरिया, सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति का पुरस्कार ओहमा उरांव एवं सर्वश्रेष्ठ अनुशासन का पुरस्कार अमन टोप्पो को प्रदान किया गया। प्राचार्य द्वारा 12वीं कला एवं विज्ञान के छात्र-छात्राओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को विद्या भारती के आदर्शों को अपनाने और लक्ष्य के प्रति सतत परिश्रम करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सनोज कुमार साहू ने किया।समारोह में महाविद्यालय के सचिव अजय प्रसाद, उपाध्यक्ष विनोद राय सहित नीतू कुमारी, रेणु कुमारी, रश्मि साहू, यशोदा कुमारी, ऋद्धि मिश्रा, शिखा रॉय, रोहित कुमार, रितेश कुमार पाठक, आरती कुजूर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




















Total Users : 841689
Total views : 2555161