गुमला। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में कृषि, पशुपालन, सहकारिता, नगर परिषद एवं संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सिसई एवं बसिया प्रखंडों में संचालित कृषक पाठशाला पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि कृषक पाठशाला के माध्यम से किसानों को नवाचारपूर्ण एवं व्यावहारिक तरीकों से प्रशिक्षण देकर आधुनिक खेती अपनाने हेतु मार्गदर्शन किया जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो।
बैठक में बताया गया कि पशुपालन विभाग अंतर्गत सभी लंबित भुगतान पूर्ण कर लिए गए हैं। वहीं सहकारिता एवं धान अधिप्राप्ति कार्यों में गति लाने और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव का भी निर्देश दिया गया, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बना रहे।
कृषि विभाग ने योजनाओं की उपलब्धियां साझा कीं। प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना (PMKSY) के तहत वित्तीय वर्ष 2025–26 में 90 प्रतिशत अनुदान पर 461 किसानों के 388.92 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे किसान बेमौसमी सब्जी व बागवानी कर रोजगार व आय बढ़ा रहे हैं। किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के अंतर्गत 2065 किसानों के आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे गए हैं, साथ ही 1000 नए आवेदनों का सृजन कर एक माह में KCC उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में जिले के 1,02,881 कृषक परिवारों को लाभ देने हेतु E-KYC व भूमि अभिलेख अपलोड का कार्य प्रगति पर है; वित्तीय वर्ष 2025–26 में 70,133 किसानों का E-KYC पूर्ण कराया गया है।
झारखंड कृषि ऋण माफी योजना के तहत 20,923 योग्य लाभुकों में से 12,901 किसानों का ऋण माफ किया जा चुका है; शेष के लिए अभियान जारी है। मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन कार्यक्रम में 16,255 नमूनों के लक्ष्य के विरुद्ध 11,777 नमूनों की जांच कर सॉयल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मिलेट मिशन, बीज विनिमय एवं वितरण, फसल सुरक्षा, सोलर पंपसेट अधिष्ठापन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा समेकित बिरसा ग्राम विकास-सह-कृषक पाठशाला की प्रगति की समीक्षा हुई। बसिया में कृषक पाठशाला शुरू हो चुकी है, जबकि सिसई में कार्य प्रगति पर है।
बैठक में KCC लक्ष्य की कम उपलब्धि पर जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं LDM गुमला को कड़ी फटकार लगाई गई। खराब कार्य निष्पादन पर ATM/BTM का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, LDM गुमला सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



















Total Users : 841644
Total views : 2555101