गुमला।
जय झारखण्ड अभियान (फोरम फॉर गुड गवर्नेंस) के नागरिक मंच द्वारा सूचना का अधिकार (आरटीआई) के क्षेत्र में राज्य स्तरीय उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के लक्ष्मण नगर निवासी आरटीआई एवं सामाजिक कार्यकर्ता आनंद किशोर पंडा को ‘सामाजिक सरोकार अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रविवार 18 जनवरी को राज्य की राजधानी रांची के हरमु रोड स्थित कार्निवाल डीबडीह में आयोजित भरी सभा में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डी.सी. दास द्वारा गुलदस्ता, प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो प्रदान कर दिया गया।
आनंद किशोर पंडा वर्ष 2008 से ही आरटीआई अधिनियम को एक प्रभावी माध्यम बनाकर न केवल गुमला जिले बल्कि पूरे राज्य में लोगों को हक और न्याय दिलाने का कार्य कर रहे हैं। अब तक कुल 13 मामलों में उन्होंने सूचना अधिकार कानून में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को राज्य एवं केंद्रीय सूचना आयोग से दंडित भी कराया है।
श्री पंडा ने केंद्र एवं राज्य सरकार के तत्वावधान में एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एटीआई) से दो-दो बार आरटीआई का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। वे एक सक्रिय आरटीआई एवं सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ-साथ भारतीय सूचना अधिकार रक्षा मंच के केंद्रीय महासचिव भी हैं। लोकतंत्र में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में उनका यह प्रयास उल्लेखनीय माना जा रहा है। यह उन्हें मिला चौथा पुरस्कार है।
इसके पूर्व उन्हें वर्ष 2009 में आरटीआई सिटीजन अवार्ड, वर्ष 2016 में बिरसा मुंडा आरटीआई अवार्ड तथा वर्ष 2017 में ट्रांसपेरेंसी आरटीआई अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में भी सूचना का अधिकार से जुड़े लगभग 400 से अधिक मामले केंद्रीय एवं राज्य सूचना आयोग में सुनवाई हेतु लंबित हैं, जिन पर उनका संघर्ष निरंतर जारी है। आनंद किशोर पंडा को ‘सामाजिक सरोकार अवार्ड’ मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें तहेदिल से बधाई दी है।


















Total Users : 1278105
Total views : 3151433