लोहरदगा। लोहरदगा जिला कराटे एसोसिएशन, एस.एस. स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन एवं शोतोकान स्कूल कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में ललित नारायण स्टेडियम में ब्लैक बेल्ट प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोहरदगा जिला कराटे एसोसिएशन की संरक्षिका एडवोकेट सुष्मा सिंह द्वारा यश उरांव, आदर्श उरांव, मृगांक वैभव, सानिया परवीन, उमर अंसारी और प्रियांशु सिंह को ब्लैक बेल्ट प्रदान किया गया।
वहीं विजय कुमार (चीफ क्योशी, शोतोकान स्कूल कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया) द्वारा इन सभी खिलाड़ियों को आधिकारिक प्रमाण-पत्र निर्गत किया गया। ज्ञात हो कि 18 दिसंबर 2025 को एस.एस.डी. कॉलेज, नवाबगंज (कानपुर) में आयोजित शोतोकान नेशनल ब्लैक बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा में लोहरदगा के इन कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था और अपने उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करते हुए ब्लैक बेल्ट का सिलेबस सफलतापूर्वक पूरा किया था। इसके बाद उन्हें उत्तीर्ण घोषित किया गया। बताया गया कि ये सभी कराटेकार पिछले चार वर्षों से रेंसी श्रवण साहु के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न स्टेट, नेशनल और इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भाग लेकर कई पदक जीतते हुए लोहरदगा जिला, झारखंड राज्य और देश का नाम रोशन किया है।
इस मौके पर कोच रेंसी श्रवण साहु ने कहा कि ब्लैक बेल्ट हर कराटे खिलाड़ी का सपना होता है, जो वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बाद हासिल होता है। उन्होंने कहा कि ब्लैक बेल्ट कराटे साधना में सिद्धि प्राप्ति के समान है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षिका एडवोकेट सुष्मा सिंह ने कहा कि आज के सामाजिक हालात को देखते हुए सभी बच्चों को, विशेषकर लड़कियों को, कराटे का प्रशिक्षण अवश्य लेना चाहिए। नियमित अभ्यास से आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और नारी शक्ति को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
समारोह में विशेष रूप से सेंसाई दिव्याकाश साहु, कोषाध्यक्ष शिल्पा खेस, रमेश मिश्रा, स्वाती मिश्रा, आनंदिनी मिंज और नजमुद्दीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

















Total Users : 1128010
Total views : 2949624