लोहरदगा।उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में आज गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) के दिन आयोजित होने वाले मुख्य समारोह व पूर्व संध्या की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय में शहीदों/महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण 8.00 बजे पूर्वाह्न से 8.45 बजे के बीच किया जाएगा।
मुख्य समारोह में झंडोतोलन 9.15 बजे पूर्वाह्न में मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रगान उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय लोहरदगा की छात्राओं द्वारा गाया जाएगा। समाहरणालय में झंडोत्तोलन 10.45 बजे पूर्वाह्न उपायुक्त, लोहरदगा द्वारा किया जाएगा। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डीआरडीए पुराना कार्यालय परिसर, जिला परिषद, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों में झंडोत्तोलन होगा। केंद्रीय विद्यालय बरही में झंडोत्तोलन उप विकास आयुक्त, लोहरदगा द्वारा किया जाएगा। अन्य सभी कार्यालयों में कार्यालय प्रधान अपनी सुविधानुसार समय मे झंडोतोलन करेंगे।
मुख्य समारोह के लिए परेड में जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला बटालियन) की 1-1 टुकड़ी, सहायक पुलिस की 01 टुकड़ी, गृह रक्षा वाहिनी की 01 टुकड़ी, सीएम उत्कृष्ट नदिया हिन्दू +2 उच्च विद्यालय लोहरदगा के एनसीसी की 01 टुकड़ी, जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना लोहरदगा के एनसीसी की 01 टुकड़ी, कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय के एनसीसी की 01 टुकड़ी, लूथरन उच्च विद्यालय लोहरदगा के भारत स्काउट एवं गाईड की 01-01 टुकड़ी, उर्सुलाइन बालिका उच्च विद्यालय लोहरदगा के गाईड की 01 टुकड़ी, डीएवी लोहरदगा की एक टुकडी और केजीबीवी की एक टुकड़ी भाग लेंगी।
मुख्य समारोह स्थल एवं अन्य प्रमुख स्थानों की सफाई एवं सजावट की व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद लोहरदगा द्वारा की जाएगी।
मुख्य समारोह में एंबुलेंस तथा चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सिविल सर्जन के द्वारा की जाएगी।

26 जनवरी को 6:00 बजे पूर्वाह्न से 1:00 बजे अपराह्न तक भारी वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।
*झांकी व सांस्कृतिक कार्यक्रम*
मुख्य समारोह में झांकियां निकाली जाएंगी जिसमें समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, परिवहन, शिक्षा विभाग के अलावा स्काउट एवं गाईड और हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज आदि की झांकियां शामिल होंगीं। सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में बेहतर कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाने का निदेश दिया गया।
राष्ट्रगान के रिहर्सल व छात्राओं से संबंधित सभी दायित्व शिक्षा विभाग को सौंपा गया है। कार्यक्रम में बैंड की धुन का पूर्वाभ्यास करा लिए जाने का निर्देश दिया गया।
समारोह में वर्ष 2025 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिला के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार हेतु स्क्रीनिंग का भी निर्देश दिया गया।
इस वर्ष परेड का रिहर्सल बक्सीडीपा स्थित पुलिस लाईन में ही किये जाने का निर्णय लिया गया।
*सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम*
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम इस बार 26 जनवरी 2026 को ही आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन नया नगर भवन, लोहरदगा में शाम को किया जाएगा। कार्यक्रम में बेहतर लाइटिंग व साउंड सिस्टम लगवाने का दायित्व कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद लोहरदगा को दिया गया। साथ ही नगर भवन के कमरों व शौचालय की साफ-सफाई का भी निर्देश दिया गया। पूर्व संध्या के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग किये जाने का भी निर्णय लिया गया।
*इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा समेत सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/शिक्षक व अन्य उपस्थित थे।*

























Total Users : 1128056
Total views : 2949682