नगर निकाय चुनाव अविलंब कराए जाएँ: भाजपा
ईवीएम व दलीय आधार पर चुनाव की मांग को लेकर लोहरदगा में धरना
लोहरदगा।
भारतीय जनता पार्टी जिला लोहरदगा की ओर से जिला अध्यक्ष मनीर उरांव की अध्यक्षता में नगर परिषद कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना–प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव रहे।
धरना के पश्चात नगर परिषद लोहरदगा के कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किंडो को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्य अतिथि समीर उरांव, ओमप्रकाश सिंह एवं राकेश प्रसाद की उपस्थिति में दिया गया।
ज्ञापन के माध्यम से राज्य में दो वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव को अविलंब दलीय आधार पर एवं ईवीएम के माध्यम से कराने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकायों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। पदाधिकारियों की मनमानी से आम जनता परेशान है और बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्ष 2018 में रघुवर सरकार के कार्यकाल में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर ईवीएम से कराए गए थे। लेकिन पिछले छह वर्षों से सत्तासीन हेमंत सरकार को जनभावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। झामुमो–कांग्रेस–राजद गठबंधन की सरकार चुनावी वादों के सहारे सत्ता में आई, परंतु जनता को केवल धोखा दे रही है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव बिना पिछड़ों को आरक्षण दिए कराए गए, जिससे पिछड़ा समाज हक से वंचित हुआ। वहीं, ट्रिपल टेस्ट के नाम पर नगर निकाय चुनाव को दो वर्षों तक टालने का काम किया गया। न्यायालय के दबाव में ट्रिपल टेस्ट पूरा होने के बाद भी सरकार चुनाव कराने से बच रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार 2018 की नियमावली बदलकर निकाय चुनाव गैर-दलीय एवं बैलेट पेपर से कराना चाहती है, जो लोकतंत्र के लिए घातक है। जबकि पूरा देश डिजिटल इंडिया, डीबीटी और ईवीएम के माध्यम से पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिस ईवीएम पर इंडी गठबंधन सवाल खड़ा करता है, उसी ईवीएम से वह सत्ता में आया है।
नेताओं ने यह भी कहा कि निकाय चुनाव नहीं होने से केंद्र सरकार से मिलने वाले करोड़ों रुपये के अनुदान से राज्य वंचित हो रहा है। सरकार अपनी संभावित हार के डर से दलीय आधार पर एवं ईवीएम से चुनाव नहीं कराना चाहती है और बैलेट के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना चाहती है, जिसके उदाहरण पंचायत चुनाव में देखे गए हैं।
अतः भाजपा ने मांग की कि राज्य सरकार नगर निगम एवं नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर ईवीएम से अविलंब कराने की अनुशंसा करे, ताकि अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं का लाभ जनता को मिल सके।
धरना को ओमप्रकाश सिंह, राकेश प्रसाद, अजय कुमार पंकज, चंदन गोयल, सामेला भगत, पवन तिग्गा, अनिल उरांव, अमरेश भारती सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
मंच संचालन पशुपति नाथ पारस ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन नवीन कुमार टिंकू ने दिया।
धरना–प्रदर्शन में हर्षनाथ महतो, त्रिवेणी दास, बालकृष्ण सिंह, अजातशत्रु, जगनंदन पौराणिक, मिथुन तमेड़ा, मीना बाखला, संखिया कुमारी, राजकुमार वर्मा, विवेक चौहान, राजकुमार मुंडा, रामकुमार पहान, अशोक साहू, बाल्मीकि कुमार, सरजू साहू, कलावती देवी, लक्ष्मी नारायण भगत, सरस्वती देवी, शंकर प्रजापति, रिंकू वर्मा, विक्की कुमार, प्रदीप खत्री सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।




















Total Users : 1128056
Total views : 2949682