*लोहरदगा:* क्षतिग्रस्त रेलवे पुल के पिलर की मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है। सोमवार को रेलवे के तकनीकी अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर पिलर की गहन जांच की और सुरक्षा को देखते हुए रेलवे पुल पर आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही रेल परिचालन बहाल किया जायेगा रेलवे सूत्रों के अनुसार मंगलवार को रेलवे के आला अधिकारी स्वयं क्षतिग्रस्त पिलर की मरम्मत कार्य का जायजा लेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई और रेल परिचालन को ले निर्णय लिया जाएगा। इधर रेल सेवा बाधित रहने से लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा। सूचना के अभाव में बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचे, लेकिन ट्रेनों के नहीं चलने की जानकारी मिलने पर मायूस होकर वापस लौट गए। अचानक रेल परिचालन ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेल सेवा बंद रहने का सीधा असर दिहाड़ी मजदूरों, यात्रियों के साथ-साथ ऑटो और टोटो चालकों पर पड़ा है। स्टेशन परिसर में रोजी-रोटी पर निर्भर स्टैंड संचालक, वेंडर, ठेला- खोमचा लगाने वाले भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कई लोगों का कहना है कि एक दिन की आमदनी पर ही परिवार का गुजारा होता है, ऐसे में रेल सेवा ठप होना उनके लिए बड़ा संकट बन गया है।रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं। साथ ही मरम्मत कार्य को प्राथमिकता पर पूरा कर जल्द से जल्द रेल सेवा बहाल करने का आश्वासन दिया गया


















Total Users : 1128056
Total views : 2949682