नये साल की दहलीज पर खड़े इस अंचल में विकास, विरोध और प्रशासनिक चुनौतियां एक साथ उभरकर सामने आई हैं। जहां एक ओर ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक विस्तार की रफ्तार तेज हुई है, वहीं दूसरी ओर रोजी-रोजगार, प्रदूषण, मुआवजा और अवैध गतिविधियों ने शासन-प्रशासन के सामने कठिन सवाल खड़े कर दिए हैं।
व्यावसायिक गतिविधियों के लिहाज से एनटीपीसी टंडवा के तीसरे यूनिट से विद्युत उत्पादन का सफल शुभारंभ क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे ऊर्जा आपूर्ति के साथ-साथ औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इसी बीच सीसीएल की मगध-आम्रपाली परियोजना के विस्तार को लेकर चंद्रगुप्त और संघमित्रा क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। आम्रपाली परियोजना में एनसीसी द्वारा करीब 10 हजार करोड़ रुपये और सेलो सीएचपी के लिए लगभग 600 करोड़ रुपये के बड़े ठेके मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने रोजी-रोजगार में हिस्सेदारी की मांग को लेकर तीखा विरोध दर्ज कराया।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार के नाम पर बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि स्थानीय युवाओं को हाशिये पर रखा जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण, पारदर्शी मुआवजा नीति और रोजगार में स्थानीय हिस्सेदारी को लेकर फर्जीवाड़ा और धांधली के आरोप लगातार सुर्खियों में बने रहे।
इस बीच वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं के खिलाफ साहसिक कदम उठाया। विभाग ने लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित माइंस को ध्वस्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि इस अवैध खनन के तार सरकारी तंत्र के भीतर तक जुड़े हुए थे, जिसकी जांच की जा रही है।
नये साल में प्रखंड और जिला प्रशासन के सामने रात के अंधेरे में हो रही बालू और कोयले की तस्करी पर रोक लगाना सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरेगा। व्यवसायिक कार्यों में घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित सस्ते बालू का उपयोग कर करोड़ों रुपये के सरकारी राजस्व की चोरी के मामले भी प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी हैं।
इसके साथ-साथ विभिन्न इलाकों में धमकी भरे पोस्टरबाजी के जरिए दहशत फैलाने वाले अपराधियों के बढ़ते मंसूबों को समय रहते कुचलना भी प्रशासन के अधूरे कार्यों में शामिल है। विकास की रफ्तार को संतुलित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए कानून व्यवस्था, पारदर्शिता और सख्त निगरानी अब समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।
✍️ रिपोर्ट: News Scale Live – Shashi Pathak
📍 चतरा / टंडवा (झारखंड)





















Total Users : 841689
Total views : 2555161