हंटरगंज (चतरा)। जिले के हंटरगंज प्रखण्ड अंतर्गत सीआरसी परिसर पांडेपुरा में राष्ट्रीय मध्याह्न भोजन रसोइया फ्रंट के तत्वावधान में क्षेत्र के रसोईया संगठन की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता रसोइया सुमन देवी व संचालन फुलवा देवी ने की। इसमें प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में कार्यरत रसोइया अपनी समस्याओं को लेकर काफी नाराज दिखीं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस ओर ध्यान नहीं देती है तो समस्त रसोइया जिला प्रशासन के समक्ष धरना-प्रदर्शन और जुलूस निकालकर समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर बाध्य होंगे। सुमन देवी ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से पीएम पोषण योजना के कर्मियों को सम्मानजनक पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है। रसोइयों के हित के बिंदुओं पर सरकार की उपेक्षा उसके सौतेलेपन को दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि 2005 से हमलोग सेवा दे रहे हैं। लेकिन मानदेय अभी तक मात्र दो हजार रुपया है। इतना कम मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। वहीं विभाग के उदासीनता से 4 से 5 महीना बाद मानदेय दिया जाता है। फुलवा देवी ने कहा कि एक मजदूर के बराबर भी हमलोगों को मानदेय नहीं मिलता है। यदि विभाग इसपर संज्ञान लेकर जल्द मानदेय वृद्धि नहीं करती है तो हम समस्त रसोइया हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। मौके पर उषा देवी, दुलारी देवी, सुमित्रा देवी, सीता देवी, संजू देवी के अलावे भारी संख्या में क्षेत्र की रसोईया उपस्थित थीं।