मुख्यमंत्री ने सब जूनियर एशियन कुश्ती चौंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी विकास कच्छप को दी बधाई व शुभकामनाए
न्यूज स्केल डेस्क
रांची। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन से शुक्रवार को झारखंड मंत्रालय में अंडर-17 सब जूनियर एशियन कुश्ती चौंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता रेसलर विकास कच्छप ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के उभरते हुए रेसलर विकास कच्छप को उनकी इस उपलब्धि के लिए अपनी ओर से बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। मौके पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन को रेसलर विकास कच्छप ने जोर्डन में आयोजित हुए अंडर-17 सब जूनियर एशियन कुश्ती चौंपियनशिप प्रतियोगिता में भाग लेने से लेकर कांस्य पदक जीतने तक की यात्रा एवं अनुभव से अवगत कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि आप आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहें और देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन करते रहें। आप जैसे खिलाड़ियों पर राज्यवासियों को गर्व है। मालूम हो कि रेसलर विकास कच्छप झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। रेसलर विकास कच्छप राज्य के पहले खिलाड़ी बने जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अंडर-17 कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीता है। इस अवसर पर मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, रेसलर विकास कच्छप की माता सुखमनी तिर्की सहित उनके अन्य परिजन उपस्थित थे।



















Total Users : 1127947
Total views : 2949546