डीजीपी ने किया उद्घाटन, 8 टीमों के 80 से अधिक पुलिसकर्मी 12 श्रेणियों में दिखाएंगे दक्षता
रांची, झारखंड — झारखंड पुलिस की कार्यक्षमता को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और अपराध अनुसंधान को अधिक सटीक एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर से 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन डोरंडा स्थित जैप-1 के परेड ग्राउंड में किया गया।
उद्घाटन समारोह
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने किया। इस मौके पर एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसएसपी, एसपी समेत पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में एडीजी प्रिया दुबे, एडीजी मनोज कौशिक, आईजी साकेत कुमार सिंह, आईजी पंकज कंबोज, आईजी मयूर कन्हैयालाल पटेल, आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी शैलेंद्र वर्णवाल, एसएसपी रांची राकेश रंजन, एसपी सौरभ, एसपी दीपक पांडेय सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे ।
आयोजन का उद्देश्य
यह पुलिस ड्यूटी मीट 27 से 30 नवंबर तक चलेगी। इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता, अपराध अनुसंधान की क्षमता और आधुनिक वैज्ञानिक तरीकों से जांच करने के कौशल को परखा और निखारा जाएगा। इसमें पुलिस की पेशेवर दक्षता और अनुसंधान क्षमता को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहेगा।
पुलिस ड्यूटी मीट के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक व फारेंसिक साक्ष्यों के प्रयोग में दक्ष बनाना है, ताकि किसी भी अपराध में गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध मजबूत साक्ष्य जुटाकर उन्हें न्यायालय से सजा दिलाई जा सके । सीआईडी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य की आठ टीमों के 80 से अधिक पुलिसकर्मी भाग ले रहे हैं ।
प्रतियोगिता की श्रेणियां
ड्यूटी मीट में कुल 12 श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें फॉरेंसिक साइंस की लिखित परीक्षा, अपराध अनुसंधान, कंप्यूटर जागरूकता, फोटोग्राफी, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने एवं उनकी पैकिंग, डॉग स्क्वायड, एक्सप्लोसिव ट्रैकर तथा फिंगर प्रिंट से संबंधित व्यावहारिक और मौखिक परीक्षाएं शामिल हैं ।
भाग लेने वाली टीमें
इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न रेंज और पुलिस इकाइयों की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र रांची, कोयला क्षेत्र बोकारो, कोल्हान क्षेत्र चाईबासा, पलामू क्षेत्र डालटनगंज, उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र हजारीबाग, संताल परगना क्षेत्र दुमका व सीआईडी रांची शामिल हैं ।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का चयन किया जाएगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली पुलिस ड्यूटी मीट में झारखंड पुलिस का प्रतिनिधित्व करेंगे । डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में दक्षता हासिल करने पर जोर दिया ।




















Total Users : 1282718
Total views : 3158713