Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता प्रचार रथ रवाना, उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

27 नवंबर से 21 दिसंबर तक जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों का भ्रमण करेगा रथ; अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान में भी लिया भाग

चतरा। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल, चतरा के परिसर से जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपायुक्त रवि आनंद, जिला परिषद उपाध्यक्ष बज्रज किशोर तिवारी, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी दिलीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अरुणा प्रसाद ने संयुक्त रूप से प्रचार रथ को रवाना किया। इस अवसर पर सभी ने हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लेकर बाल विवाह की रोकथाम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन-जागरूकता फैलाकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा की रोकथाम करना तथा आमजनों को इसके दुष्परिणामों और संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना है।

प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं और 21 वर्ष से कम आयु के बालकों का विवाह कानूनन प्रतिबंधित है। साथ ही बाल विवाह के कारण बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति भी समुदाय को जागरूक किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से बालिकाओं, अभिभावकों और समुदाय के लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने, इससे संबंधित किसी भी सूचना को साझा करने तथा रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

प्रचार रथ 27 नवंबर 2026 से 21 दिसंबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण करेगा। इसके लिए प्रतिदिन का रूट चार्ट तैयार किया गया है, जिसके अनुसार रथ संपूर्ण चतरा जिले में निर्धारित कार्यक्रम के तहत जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेगा। प्रखंड स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा बाल विवाह मुक्त चतरा और बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment