हादसे के बाद बाइक सवार फरार; घायल रेफर, पूर्व सांसद प्रतिनिधि ने रेफरल अस्पताल को बताया ‘रेफर सेंटर’
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम सिमरिया थाना क्षेत्रांतर्गत बानासाड़ी गांव के समीप एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने स्कूटी और एक पैदल राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार मौके से फरार होने में सफल रहा।
घायलों की पहचान इचाक खुर्द निवासी सुरेश दांगी, प्रीतम दांगी और बानासाड़ी निवासी गोपाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गोपाल सिंह सिमरिया बाजार से पैदल अपने घर लौट रहे थे, जबकि स्कूटी सवार भी बाजार से सब्जी बेचकर घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने गोपाल सिंह और पास से गुजर रहे स्कूटी सवार सुरेश व प्रीतम को अपनी चपेट में ले लिया। इस टक्कर में गोपाल सिंह का पैर टूट गया है, जबकि अन्य दोनों युवकों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद गोपाल के परिजन स्कूटी सवारों को ही दोषी मान रहे थे, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने स्पष्ट किया कि हादसा एक अज्ञात बाइक सवार की लापरवाही से हुआ है, जो भाग निकला। मौके पर मौजूद पंसस सदस्य भोला सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सिमरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया। फिलहाल हजारीबाग में सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
अस्पताल की लचर व्यवस्था पर फूटा गुस्सा
घायलों को रेफर किए जाने के बाद पूर्व सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने सिमरिया रेफरल अस्पताल की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अस्पताल इलाज के बजाय महज ‘रेफर सेंटर’ बनकर रह गया है। उनका कहना है कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी स्थानीय होने के कारण रात में अस्पताल में नहीं रुकते हैं। वहीं, अन्य चिकित्सक भी रोस्टर के नाम पर सप्ताह में महज एक या दो दिन ही ड्यूटी करते हैं, जिससे विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण सभी चिकित्सक सिर्फ ‘जेनरल फिजिशियन’ बनकर रह गए हैं। मरीजों को संबंधित रोग के डॉक्टर से दिखाने के लिए हफ्ते भर इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने जिला प्रशासन से स्वास्थ्य व्यवस्था में अविलंब सुधार करने और रेफर कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



















Total Users : 1282678
Total views : 3158638