डीसी के निर्देश पर धरना स्थल पहुंचे अधिकारी, संवेदक को काम शुरू करने का आदेश; ग्रामीणों ने उठाया फ्लाई ऐश की धूल का मुद्दा
इटखोरी (चतरा)। चतरा-चौपारण मुख्य मार्ग पर बक्सा नदी के ऊपर बने अंग्रेजों के जमाने के करीब 100 साल पुराने क्षतिग्रस्त लोहे के पुल के बगल में नया पुल निर्माणाधीन है। इस नए पुल को चालू कराने की मांग को लेकर हाईकोर्ट के अधिवक्ता योगेंद्र यादव का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
उपायुक्त के निर्देश पर इटखोरी बीडीओ सोमनाथ बांकीरा और सीओ सविता सिंह धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने योगेंद्र यादव, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली और पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर काम शुरू कराने की बात कही। सीओ ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है, कुछ देर में पुल निर्माण का काम शुरू होगा और विभाग के संवेदक को काम शुरू करने का आदेश दिया गया है। बीडीओ ने कहा कि पुराने जर्जर पुल की मरम्मत का भी निर्देश दिया गया है ताकि लोग सुरक्षित गुजर सकें और नए पुल का लंबित काम भी शुरू कराया जाएगा।
हालांकि योगेंद्र यादव और आंदोलनकारियों ने अधिकारियों के आश्वासन को मानने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक काम शुरू नहीं होता, सत्याग्रह शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस जर्जर पुल पर कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और अब वे किसी को खोना नहीं चाहते। जब नया पुल बनकर तैयार है, तो प्रशासन उसे चालू कराए। धरना स्थल पर स्थानीय लोगों ने फ्लाई ऐश की धूल का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि इस धूल के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है और इस पर तत्काल रोक लगाई जाए।

















Total Users : 1278125
Total views : 3151454