जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने लोहरदगा से 1500 लोगों का जत्था घाघरा रवाना
जय श्रीराम समिति के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों का काफिला निकला, भगवा झंडों से माहौल हुआ उत्साहपूर्ण
लोहरदगा: जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, संघर्ष और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने के लिए लोहरदगा से लगभग 1500 लोगों का विशाल जत्था गुमला जिले के घाघरा के लिए रवाना हुआ। सोमवार दोपहर 12 बजे सामाजिक संगठन जय श्रीराम समिति के नेतृत्व में ललित नारायण स्टेडियम से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का काफिला निकला। इसमें समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सरना-सनातन समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
काफिले में शामिल लोगों के हाथों में भगवा झंडे लहरा रहे थे, वहीं वाहनों पर भी भगवा ध्वज लगाए गए थे। एक साथ सैकड़ों वाहनों के प्रस्थान से पूरा माहौल उत्साह, जोश और सामूहिक सहभागिता से सराबोर नजर आया। जत्था घाघरा स्थित एसएस प्लस-2 हाई स्कूल मैदान में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भाग लेने के लिए रवाना हुआ।
जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के संघर्ष, त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। जल, जंगल और जमीन से जुड़ी परंपराओं, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक विरासत को संरक्षित रखने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक वीर जनजातीय महापुरुषों ने अपने संघर्ष और बलिदान से देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है।
इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने, गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
मौके पर जिला संरक्षक लक्ष्मी भगत, अजय सोनी, शैलेश कुशवाहा, कन्हैया करूवा, जिला अध्यक्ष बजरंग करूवा, जिला महामंत्री चंदन साहू, जिला उपाध्यक्ष विक्की कसेरा, महिला अध्यक्ष इंदिरा प्रधान, महामंत्री पूर्णिमा देवी, नगर अध्यक्ष दीपक साहू, गुड़िया देवी, गुड़िया देवी (सरिता), दीपक पासवान, उपेंद्र कुशवाहा, सुनील साहू, प्रकाश नायक, नितेश जायसवाल, रंजीत यादव, बुद्धेश्वर उरांव, सुरेंद्र उरांव, जमुना कुमार, गुंजन भारती, रेणु देवी, सुनीता देवी, गौरी देवी, पनपती देवी, तारामणि भगत समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।



















Total Users : 1277875
Total views : 3150992