Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

कैलाश धाम में मिलीं सातवीं-आठवीं शताब्दी की प्रतिमाएं

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एकमुखी शिवलिंग समेत एक दर्जन से अधिक प्राचीन मूर्तियों का पुरातत्व विभाग ने किया सर्वेक्षण और दस्तावेजीकरण

मयूरहंड (चतरा)। थाना क्षेत्र के बेला गांव स्थित ऐतिहासिक कैलाश धाम में शनिवार को प्राचीन पुरातात्विक धरोहरों के सर्वेक्षण और दस्तावेजीकरण का कार्य किया गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), रांची अंचल की टीम ने क्षेत्र में जारी सर्वेक्षण के पांचवें चरण के तहत कैलाश धाम पहुंचकर सातवीं-आठवीं शताब्दी की एक दर्जन से अधिक दुर्लभ एवं कलात्मक प्रतिमाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। पुरातत्वविद डॉ. नीरज मिश्रा और वरिष्ठ फोटोग्राफर कन्हैया झा की टीम ने मंदिर परिसर में संरक्षित प्राचीन प्रतिमाओं की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं कलात्मक विशेषताओं का अध्ययन किया। इस दौरान प्रत्येक प्रतिमा की बनावट, शैली, संरचना और विशिष्टताओं को दर्ज करते हुए विस्तृत फोटोग्राफिक दस्तावेजीकरण किया गया पुरातत्वविद डॉ. नीरज मिश्रा ने बताया कि बेला के कैलाश धाम में संरक्षित प्रतिमाएं ऐतिहासिक और कलात्मक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण हैं। यहां भगवान विष्णु, भगवान सूर्य, उमा-महेश्वर समेत विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तथा बौद्ध कला से संबंधित पैनल भी मौजूद हैं। इन प्रतिमाओं की कलात्मक शैली एवं निर्माण विशेषताओं के आधार पर इन्हें सातवीं-आठवीं शताब्दी का माना जा रहा है। एकमुखी शिवलिंग ने बढ़ाया कैलाश धाम का पुरातात्विक महत्व सर्वेक्षण के दौरान कैलाश धाम में एक अत्यंत दुर्लभ एकमुखी शिवलिंग भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। डॉ. मिश्रा के अनुसार, झारखंड में टांगीनाथ धाम और घोड़ेश्वर धाम के बाद बेला के कैलाश धाम में इस प्रकार का शिवलिंग मिलना विशेष महत्व रखता है। इस शिवलिंग में केवल एक मुख का अंकन है, जो इसे सामान्य शिवलिंगों से अलग और विशिष्ट बनाता है। झारखंड में इस प्रकार के शिवलिंगों की संख्या बेहद सीमित है। ऐसे में यह प्रतिमा धार्मिक आस्था के साथ-साथ पुरातात्विक अध्ययन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। स्वप्न के बाद तालाब के पास खुदाई में मिला था प्राचीन शिवलिंग कैलाश धाम के इतिहास के संबंध में स्थानीय निवासी निलेश सिंह ने बताया कि वर्ष 1962 में उनके दादा महथा गोविंद सिंह को स्वप्न में तालाब के पास प्राचीन शिवलिंग होने का संकेत मिला था।

इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से उक्त स्थल पर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान एक के बाद एक कई प्राचीन प्रतिमाएं और धार्मिक अवशेष मिले। इन धरोहरों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने वर्ष 1962 के आसपास मंदिर की स्थापना कर प्रतिमाओं को वहां संरक्षित किया।हालांकि, समय के साथ कुछ प्राचीन प्रतिमाओं की चोरी भी हो गई, जिससे ग्रामीणों में धरोहरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी। इसके बावजूद ग्रामीणों ने शेष प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में सुरक्षित रखा है। यहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती है। प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह मेला महाशिवरात्रि से होली तक चलता है।

संरक्षण की जगी उम्मीद

बेला का कैलाश धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की प्राचीन सभ्यता, कला और इतिहास का महत्वपूर्ण केंद्र है। पुरातत्व विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण और दस्तावेजीकरण से उम्मीद जगी है कि यहां संरक्षित दुर्लभ प्रतिमाओं एवं एकमुखी शिवलिंग के ऐतिहासिक महत्व को वैज्ञानिक तरीके से दर्ज किया जाएगा। इससे क्षेत्र को नई पुरातात्विक पहचान मिलने के साथ ही प्राचीन धरोहरों के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हो सकती है। मौके पर निलेश सिंह, कल्याण सिंह, विकास कुमार, कमलेश सिंह, राकेश सिंह, पवन राणा, नरेश राणा, रणंजय कुमार समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment