मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात; बच्चों ने बाल विवाह, ड्रॉपआउट, माहवारी स्वच्छता और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर रखी अपनी बात; CM ने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने, पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने और जिला स्तर पर पुस्तकालय निर्माण का दिया भरोसा
रांची (झारखंड)। विश्व बाल दिवस के पावन अवसर पर आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में एक बेहद खास और सार्थक पहल देखने को मिली। यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और बाल अधिकारों में आए सकारात्मक बदलावों तथा अपने सपनों और भविष्य को लेकर सीधा संवाद किया।
बच्चों ने साझा किए अपने अनुभव
मुलाकात के दौरान बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को अपने स्कूल और समुदाय में किए गए बदलावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा स्कूल से ड्रॉप आउट बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा, बच्चों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों को रोकने, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जन-जागरूकता बढ़ाने के अपने प्रयासों को भी साझा किया।
“बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास करता है आश्चर्यचकित”
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का बड़ी सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा, “बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास मुझे हमेशा आश्चर्यचकित करता आया है। जब ये बच्चे आज इतनी स्पष्टता से अपने अधिकारों की बात रख रहे हैं, तो बड़े होकर वे कितने अच्छे नेतृत्वकर्ता बनेंगे, इसकी कल्पना कर मुझे गर्व होता है।”

शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बड़े ऐलान
बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी:
- शिक्षकों को मिलेगी राहत: शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकाला जाएगा।
- खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा: सरकारी स्कूलों में खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान निर्माण का निर्णय लिया गया है।
- उत्कृष्ट विद्यालय: ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय’ के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा रहा है।
- पुस्तकालय का निर्माण: वर्तमान में जिलास्तर पर पुस्तकालय बनाने का कार्य चल रहा है।
बाल विवाह पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने बाल विवाह के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यह कानूनी अपराध के साथ-साथ प्रकृति के विरुद्ध भी है। इससे बच्ची के साथ-साथ पुरुष को भी सफर करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चे-बच्चियों की शादी निर्धारित अवधि (वयस्क होने) के बाद ही कराई जाए। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे एक दिन अपने क्षेत्र के स्कूलों में रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करें। स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाने और बच्चियों व महिलाओं को सैनेटरी पैड उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने दोहराई।
यूनिसेफ अधिकारियों ने की सराहना
इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों के साथ 80 वर्षों के कार्य अनुभव से यूनिसेफ का यह दृढ़ मत है कि बच्चों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। वहीं, यूनिसेफ की कम्यूनिकेशन स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों, गरीबी और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियों के बीच प्रत्येक बच्चे को प्राथमिकता देना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर बाल पत्रकारों में सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी सहित एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार उपस्थित थे।




















Total Users : 1275042
Total views : 3146647