डीसी रवि के निर्देश पर गठित टीम ने जांच सेवाओं में भी तय दर से अधिक राशि लिए जाने के मामले पाए; जांच प्रतिवेदन तैयार, दोषियों पर होगी कार्रवाई
चतरा। सदर अस्पताल में मरीजों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर गठित जांच टीम ने मंगलवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रजिस्ट्रेशन काउंटर पर तय शुल्क से अधिक राशि लेने का मामला प्रथम दृष्टया सामने आया। टीम ने संबंधित कर्मी भीम कुमार सिंह को तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया। टीम ने यह भी पाया कि विभिन्न जांच सेवाओं के लिए भी मरीजों से निर्धारित दर से अधिक राशि ली जा रही थी।
टीम ने अस्पताल में कर्मियों की उपस्थिति, रजिस्ट्रेशन काउंटर, पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक सेंटर, अल्ट्रासाउंड केंद्र, दवा घर, कचरा प्रबंधन, इमरजेंसी वार्ड समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की जांच की। टीम ने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्रेशन के लिए नियमानुसार निर्धारित शुल्क ही लिया जाना है और कई मामलों में यह सुविधा निःशुल्क भी है। निरीक्षण में सामने आए तथ्यों पर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है, जिसे उपायुक्त को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को सुलभ, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है और अधिक वसूली या किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अस्पताल में अवैध वसूली की जानकारी जिला प्रशासन को देने की अपील की। जांच टीम में परीक्ष्यमान उप समाहर्ता रमेश कुमार गुप्ता, अश्विनी अभिनव, विवेक कुमार, केशव कुमार, संदीप कुमार बंकीरा, अभिषेक कुमार मिश्रा समेत डीएमएफटी के कर्मी शामिल थे।


















Total Users : 1272314
Total views : 3142040