सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स और थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत थे श्रमिक; एनटीपीसी ने जताया शोक, घायलों को चिकित्सा सहायता, कारणों की जांच जारी
टंडवा (चतरा)। एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा, टंडवा में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर कार्य के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में तीन श्रमिकों की मृत्यु हो गई, जबकि दो श्रमिक घायल हो गए। मृतक और घायल श्रमिक मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रुप (ThyssenKrupp) के अंतर्गत कार्यरत थे। यह जानकारी एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा के जन संपर्क अधिकारी की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
विज्ञप्ति में कहा गया कि इस घटना से एनटीपीसी परिवार अत्यंत शोकाकुल है। एनटीपीसी ने दिवंगत श्रमिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कंपनी के अनुसार वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों घायल श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और कंपनी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
एनटीपीसी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विज्ञप्ति में कहा गया कि कार्यस्थल पर सभी कर्मियों की सुरक्षा एनटीपीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

















Total Users : 1272313
Total views : 3142038