मां भद्रकाली मंदिर से लौटने वाले श्रद्धालु भी घंटों फंसे रहे, निर्धारित वाहन पड़ाव के नियमों का पालन नहीं होने से बढ़ रही समस्या
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार में मंगलवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। बाजार की सड़कों पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे आम राहगीरों के साथ-साथ मां भद्रकाली मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानी हुई।
वाहनों की अधिकता के कारण बाजार की सड़कों पर चारपहिया वाहन रेंगते नजर आए। यात्रियों और वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। दिनभर यातायात प्रभावित रहने से बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
निर्धारित पड़ाव के नियमों का नहीं हो रहा पालन
स्थानीय लोगों का कहना है कि इटखोरी बाजार में जाम की समस्या अब आम होती जा रही है। इससे निजात दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ठोस पहल की जरूरत है। लोगों के अनुसार, वाहनों के ठहराव के लिए निर्धारित स्थानों पर बोर्ड तो लगाए गए हैं, लेकिन नियमों का पालन कराने में संबंधित विभाग की सक्रियता नहीं दिखती।
नतीजतन, वाहन चालक जहां-तहां सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और आवागमन बाधित होता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि निर्धारित वाहन पड़ाव पर पार्किंग सुनिश्चित करने और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर नियंत्रण लगाने से जाम की समस्या में कमी आ सकती है।


















Total Users : 1271445
Total views : 3140702