36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने किया पारण; पत्थलगड़ा में बनारस के पंडितों ने की गंगा आरती, कान्हाचट्टी में घाट-घाट पहुंचकर कार्यकर्ता ने व्रतियों को खिलाया दही-चीनी
चतरा। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का समापन जिले के विभिन्न प्रखंडों में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। चार दिवसीय पर्व के दौरान व्रतियों ने कठिन निर्जला उपवास रखकर संध्या में अस्ताचलगामी और सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
पत्थलगड़ा प्रखंड में दुंबी, डमौल, नावाडीह, बेलहर, चौथा, बरवाडीह, सूर्य मंदिर जजला, बकुलिया, पत्थलगड़ा, सिंघानी, तेतरिया, नोनगांव, सिरकोल, अनगड़ा, कुब्बा समेत विभिन्न घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रविवार की संध्या पत्थलगड़ा में बनारस से आए पंडितों ने विधि-विधान से गंगा आरती की, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सीओ सह बीडीओ उदल राम ने भी घाट पहुंचकर अर्घ्य अर्पित किया।
हंटरगंज (पाण्डेयपुरा) पाण्डेयपुरा के प्रसिद्ध धरधरी छठ तालाब घाट पर अहले सुबह से व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। रविवार शाम पहला अर्घ्य और अगली सुबह दूसरा अर्घ्य देकर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाट की आकर्षक सजावट की गई थी और छठी मैया के पारंपरिक गीतों से इलाका गूंजता रहा। प्रखंड के अन्य घाटों पर भी अच्छी भीड़ रही।
कुंदा में महादेव मठ, खपिया, नावाडीह और कोयता छठ घाट समेत प्रखंड के विभिन्न घाटों पर रविवार संध्या और सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। प्रखंड प्रमुख कमला देवी, कुंदा मुखिया मनोज कुमार साहू, नवादा के मुखिया भरत यादव, सिक्कीदाग की मुखिया अनीता देवी, बौधाडीह की मुखिया अनीता देवी, मरगड्डा के मुखिया उपेंद्र पासवान, सांसद प्रतिनिधि मनोज यादव और लवकुश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सौंडिक समेत कई जनप्रतिनिधियों ने घाटों पर पहुंचकर अर्घ्य अर्पित किया।
कान्हाचट्टी में सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के बाद जब व्रतियों के 36 घंटे के निर्जला उपवास के पारण की बेला आई, तो श्री पासवान स्वयं घाट-घाट पहुंचे और अपने हाथों से व्रतियों को दही-चीनी खिलाकर पारण कराया। उन्होंने छठी मैया से व्रतियों के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की। मौके पर कार्यकर्ता पवन प्रजापति, धनेश्वर यादव, इंद्रदेव ठाकुर, संगम केसरी, शंकर प्रजापति, आकाश रजक, शनिदेव ठाकुर, उमेश केसरी, रघु प्रजापति, नागेंद्र ठाकुर, सुरेश यादव, अर्जुन प्रसाद केसरी समेत दर्जनों युवा मौजूद रहे।



















Total Users : 1270205
Total views : 3138842