उगते सूर्य को अर्घ्य के बाद दर्शन-पूजन को पहुंचे भक्त; लंबी कतारों के बीच भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा बनी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती
चतरा। लोक आस्था के महापर्व छठ के पारण के अवसर पर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। हंटरगंज के विश्वप्रसिद्ध मां कौलेश्वरी धाम, इटखोरी के माता भद्रकाली मंदिर और पत्थलगड़ा प्रखंड के देवी स्थान भगवती मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। चारों ओर गूंजते “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कौलेश्वरी धाम में लगी लंबी कतारें: हंटरगंज में मां कौलेश्वरी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तड़के से ही मंदिर परिसर और पहाड़ी मार्ग पर भक्तों का तांता लगा रहा। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भारी भीड़ के कारण भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहा। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने में प्रशासन व सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
भद्रकाली मंदिर में अर्घ्य के बाद पूजा: इटखोरी के माता भद्रकाली मंदिर में व्रती और श्रद्धालु उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।
लेंबोइया पहाड़ी पर भी उमड़ी भीड़: पत्थलगड़ा प्रखंड के लेंबोइया पहाड़ी पर स्थित देवी स्थान भगवती मंदिर में भी पारण के बाद व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।


















Total Users : 1270317
Total views : 3138972