गाली-गलौज के बाद चाकू से किया हमला, छह महीने पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में दीपावली की रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सड़क पर रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाना 27 वर्षीय युवक कांगरेश महतो के लिए जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि कहासुनी के बाद हुए विवाद में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना तमाड़ थाना क्षेत्र के रंगामाटी की है। मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात कांगरेश महतो अपने चार-पांच रिश्तेदारों के साथ रंगामाटी स्थित एक वाइन शॉप पर पहुंचा था। शराब खरीदने के बाद सभी दुकान से कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार के चालक ने रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
गाली-गलौज के बाद चाकू से किया हमला
परिजनों का आरोप है कि कार में पांच से छह लोग सवार थे। पहले दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कांगरेश महतो पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद परिजन और रिश्तेदार उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छह महीने पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। कांगरेश की शादी महज छह महीने पहले हुई थी। परिवार में उसकी मां और पत्नी हैं। बताया जा रहा है कि वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देर रात कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान, घटना में शामिल लोगों की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


















Total Users : 1261502
Total views : 3126051