Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

धनवार UCO बैंक डकैती कांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार; करोड़ों का सोना अब भी गायब

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित UCO बैंक में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से अमेरिका निर्मित पिस्टल, एक देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो सहित दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। हालांकि, बैंक से लूटे गए करीब पांच करोड़ रुपये के सोने और 11.50 लाख रुपये नकद की बरामदगी अभी नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, बीते 5 नवंबर को धनवार चौक स्थित UCO बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक से सोने के पैकेट और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए पांच विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था।

बाइक दुर्घटना से पुलिस को मिला अहम सुराग

पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान जमुआ के बरबदिया इलाके में सड़क के गड्ढे के कारण अपराधियों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी से पूरे मामले की जांच को अहम दिशा मिली।

रिजवान की निशानदेही पर दो अन्य गिरफ्तार

मोहम्मद रिजवान से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बेंगाबाद के बड़वारा जंगल में छापेमारी कर सुल्तान अली उर्फ रॉकी और आयुष पांडेय को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा डकैती में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।

पांच करोड़ के सोने की तलाश में छापेमारी जारी

एसपी डॉ. बिमल के अनुसार, लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वारदात में शामिल अन्य अपराधियों के साथ-साथ लुटेरों को मदद पहुंचाने और लूटे गए सोने को बेचने की योजना बनाने वाले लोगों की भी पहचान की गई है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता लूटे गए करोड़ों रुपये के सोने और नकदी की बरामदगी करना है। इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment