बुढ़वा महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर भिड़े ग्रामीण, 22 लोगों के घायल होने की सूचना
बड़कागांव, हजारीबाग, झारखंड। हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड स्थित ऐतिहासिक महुदी पहाड़ के बुढ़वा महादेव मंदिर को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद रविवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। मंदिर के पुनर्निर्माण और उससे जुड़े अधिकारों के मुद्दे पर कांडतरी और गुरुचट्टी गांव के ग्रामीणों के बीच तनाव बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब 22 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया।
पुराने विवाद ने पकड़ा तूल
मिली जानकारी के अनुसार, महुदी पहाड़ स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण और मंदिर से जुड़े अधिकारों को लेकर कांडतरी तथा गुरुचट्टी गांव के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। रविवार को इसी विषय पर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। दोनों ओर से मारपीट और पत्थरबाजी होने लगी।
मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन, बल तैनात
हिंसक झड़प की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। पुलिस की ओर से हिंसा और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। स्थानीय लोग अब प्रशासन से दोनों गांवों के बीच विवाद का स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपेक्षा कर रहे हैं।
News Scale Live | भरोसे की पहचान



















Total Users : 1261502
Total views : 3126051