डायरिया से बिगड़ती रही बच्चे की हालत, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने की जागरूक रहने की अपील
चतरा, झारखंड। जिले के लावालौंग प्रखंड के हरहद गांव में चार वर्षीय बच्चे की मौत ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और अंधविश्वास के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है। जानकारी के अनुसार, बच्चे को डायरिया की शिकायत हुई थी। तबीयत बिगड़ने के बावजूद समय पर अस्पताल में उपचार कराने के बजाय परिजन कथित तौर पर झाड़-फूंक के सहारे इलाज कराने में लगे रहे। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चा हरहद गांव निवासी निर्मल भोक्ता का पुत्र था। बताया जाता है कि अचानक डायरिया होने के बाद उसकी तबीयत लगातार खराब होती चली गई। परिजन शुरुआत में स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक और अन्य पारंपरिक तरीकों में उलझे रहे। जब बच्चे की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई, तब उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, तब तक उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मासूम की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डायरिया में देरी पड़ सकती है भारी : अस्पताल उपाधीक्षक
चतरा सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने घटना पर दुख जताते हुए लोगों से अपील की कि डायरिया या किसी अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। उन्होंने कहा कि डायरिया के मामले में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना चाहिए। सदर अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध है। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर इलाज की जरूरत और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
News Scale Live | भरोसे की पहचान


















Total Users : 1261502
Total views : 3126051