सड़क किनारे खड़े सवारी वाहन को तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर, कोयला लदा ट्रक भी पलटा; आठ गंभीर रुप से घायल रेफर
चौपारण, हजारीबाग, झारखंड। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में सोमवार को जीटी रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना हथिया बाबा के समीप महानेटांड कट के पास हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका, बिहारो और सलैया गांव के लोग एक परिचित के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए सवारी वाहन से वाराणसी जा रहे थे। शव को वाहन के ऊपर रखा गया था। बताया जाता है कि महानेटांड कट के पास शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। इसे ठीक करने के लिए चालक ने वाहन सड़क किनारे रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने खड़े सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
कोयला लदा ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त, राहत-बचाव में जुटी पुलिस
इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एंबुलेंस की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। बचाव कार्य में एंबुलेंस सेवाओं और राष्ट्रीय राजमार्ग की आपातकालीन सहायता व्यवस्था की भी मदद ली गई।
फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रेलर चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसे के बाद अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई। दनुआ घाटी में बार-बार हो रही गंभीर सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर जीटी रोड पर यातायात सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
News Scale Live | भरोसे की पहचान



















Total Users : 1261502
Total views : 3126051