चौपारण। चौपारण प्रादेशिक वन प्रक्षेत्र के भगहर सुरक्षित वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार की अहले सुबह गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर लकड़ी से लदा बिना नंबर प्लेट का पावरट्रैक 438 प्लस ट्रैक्टर जब्त किया। हालांकि, वन विभाग की टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।
इस संबंध में प्रभारी वनपाल अमन कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि भगहर सुरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई कर विभिन्न प्रजातियों की कच्ची लकड़ियों को ट्रैक्टर पर लादकर तस्करी की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दी गई और विभागीय टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम जैसे ही संबंधित स्थान पर पहुंची, चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागने लगा। वनकर्मियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन जंगल और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा। इसके बाद टीम ने मौके से लकड़ी लदे ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर चौपारण रेंज कार्यालय पहुंचाया।

प्रभारी वनपाल ने बताया कि वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और वन संपदा की तस्करी रोकने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। जब्त ट्रैक्टर के आधार पर तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। वहीं, परसातरी भगहर निवासी श्री यादव की कथित संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है। मामले में वन अधिनियम के तहत वन वाद दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
छापेमारी दल में प्रभारी वनपाल अमन कुमार उर्फ प्यारे लाल साव, प्रधान वनरक्षी कृष्णा महतो, सिकंदर नायक, महेश दास, संतोष रजक, होमगार्ड रामजन्म सिंह सहित विभाग के दैनिक वनकर्मी शामिल थे।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। अब विभाग की जांच में यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि जंगल से लकड़ी की कटाई किसने की और तस्करी के इस प्रयास में कौन-कौन लोग शामिल थे।






















Total Users : 1256977
Total views : 3119105